साल में पौने 5 करोड़ बढ़ी गहलोत की जायदाद, लेकिन नहीं है कार
राजस्थान में कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार और पार्टी के महासचिव अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पायलट के बीच संपत्ति के मामले में भी बराबरी की टक्कर चल रही है. राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की कुल संपत्ति की कीमत 6 करोड़ 44 लाख रुपये है, तो पायलट के पास कुल 6 करोड़ 39 लाख रुपये की जायदाद है. पिछले 5 साल में विपक्ष में रहने के दौरान अशोक गहलोत की संपत्ति में 4.74 करोड़ का इजाफा हुआ है.
2013 के चुनाव में उन्होंने अपनी जायदाद 1.69 करोड़ रुपये बताई थी. इस बार उन्होंने 6.44 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की हैं.
पिछले पांच सालों में अशोक गहलोत के बैंक खातों में नकदी भी बढ़ी है. 5 साल पहले उनके बैंक खातों में 55.47 लाख रुपये जमा थे. नामांकन दाखिल करने के वक्त ये नगदी बढ़कर 1.30 करोड़ रुपये हो गई. गहलोत के पास 5 साल पहले शेयर, बॉन्ड 36 लाख रुपये के थे जो अब बढ़कर 92 लाख रुपये के हो गए हैं. उनकी पत्नी के पास पहले 31 लाख थे जो बढ़कर अब 52 लाख रुपये हो गए हैं.
कैश रखने के मामले में सचिन पायलट अशोक गहलोत से आगे हैं. पायलट के पास मात्र 99 हजार नकदी है, तो गहलोत के पास 30 हजार रुपये ही नकदी है. दोनों ही नेताओं के पास अपना कोई वाहन नहीं है. सचिन पायलट जब 2004 में अपना पहला चुनाव लड़े थे तो उनकी संपत्ति 25 लाख 55 हजार रुपये थी. 2014 में जब वो चुनाव लड़े तो उनकी संपत्ति बढ़कर 5 करोड़ 65 लाख रुपये हो गई.
गौरतलब है कि अशोक गहलोत दो बार राजस्थान के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और केंद्र सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं. सचिन पायलट दो बार सांसद रहे हैं और एक बार केंद्र सरकार में मंत्री रहे हैं.
इधर, सचिन पायलट के सामने चुनाव लड़ रहे बीजेपी कैंडिडेट यूनुस खान भी करोड़पति हैं. यूनुस खान के पास कुल 1 करोड 93 लाख की संपत्ति है और पिछले 5 साल में इनकी संपत्ति 70 लाख बढ़ी है. वाहन के नाम पर इनके पास बैंक से लोन लेकर खरीदी गई एक जीप है.
from hindi news https://ift.tt/2PGHn71
via IFTTT
Comments
Post a Comment